उपमंडलीय पशु चिकित्सालय ज्यूरी के अधीन होने वाली पशु मित्र भर्ती के लिए 21 फरवरी को रामपुर के पीजी कॉलेज मैदान में शारीरिक परीक्षण की प्रक्रिया आयोजित होगी। पशु मित्रों के कुल 19 पदों के विभाग को कुल 206 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपमंडलीय पशु चिकित्सालय ज्यूरी के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि पशु पालन एवं पशु कल्याण सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया करवा रहा है। पशु चिकित्सालय ज्यूरी के अधीन विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थानों के लिए कुल 19 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए कुल 206 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित करने के लिए पशु मित्र नीति के अनुसार पशु मित्र इंगेजमेंट कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी की अध्यक्षता संबंधित उपमंडलाधिकारी करेंगे। रामपुर क्षेत्र की रिक्तियों के लिए एसडीएम रामपुर और कुमारसैन क्षेत्र के लिए एसडीएम कुमारसैन कमेटी के अध्यक्ष होंगे, जबकि वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ज्यूरी सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे। यह समिति चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तरदायी होगी। उन्होंने बताया कि पशु मित्रों के शारीरिक परीक्षण के सफल आयोजन को लेकर एक अलग समिति का गठन किया गया है। इस समिति के अध्यक्ष एसडीएम की ओर से नामित तहसीलदार, नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी होंगे। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ज्यूरी सदस्य सचिव और संबंधित क्षेत्राधिकार के पशु चिकित्सा अधिकारी समिति के सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों से आह्वान किया है कि वे 21 फरवरी को सुबह 10:00 बजे पीजी कॉलेज मैदान रामपुर में अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करें, ताकि शारीरिक परीक्षण और आगे की चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न की जा सके। अभ्यर्थी का निर्धारित समय पर उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। पशु मित्र योजना के माध्यम से ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, पशुपालकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा पशु कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।