पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में किन्नौर भाजपा ने सोमवार भावानगर में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए विरोध रैली निकाली। भावनगर स्थित बिजली बोर्ड के परिधि गृह से स्थानीय बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय तक निकाली गई इस रैली में जिला भाजपा के पांचों मंडलों के अध्यक्षों सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उसके बाद एसडीएम नारायण चौहान के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। रैली में चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी, किन्नौर भाजपा अध्यक्ष यशवंत नेगी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष दौलत राम नेगी, किन्नौर जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस विशेष रूप से मौजूद रहे। चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने कहा कि पहलगाम में आतंकियों द्वारा धर्म पूछ-पूछ कर कई निर्दोष लोगों का कत्ल किया। जिन आतंकियों द्वारा इस अमानवीय घटना को अंजाम दिया गया था उन्हें पाकिस्तान की आर्मी और आईएसआई द्वारा ट्रेंड कर हमले के लिए भेजा गया था। पहलगाम की इस घटना के बाद भारत सरकार ने वैध या अवैध रूप से रह रहे सभी पाकिस्तानियों को तय समय के भीतर भारत छोड़ने का कहा।