रामपुर और ननखड़ी के कई पशु चिकित्सालय और औषधालय में ताले लटके हुए हैं तो कई चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के हवाले हैं। इसके कारण हजारों पशुपालक परेशान हैं। वहीं ठेकेदारों की करोड़ों की राशि सरकार के पास फंसी हुई हैं, जिसके कारण ने केवल ठेकेदार, बल्कि मजदूर सहित दुकानदार भी प्रभावित हो रहे हैं। यह बात सोमवार को भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल सिंह नेगी ने प्रेस वार्ता के दौरान कही। कौल ने कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार पशुधन को मजबूत करने के बड़े बड़े दावे तो करती है, लेकिन धरातल पर हकीकत यह है कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 13 पशु चिकित्सालय और औषधालय में ताले लटके हुए हैं। विकास खंड ननखड़ी और रामपुर में स्टाफ की भारी कमी चल रही है। आम ग्रामीण प्रदेश सरकार की व्यवस्था से खासा परेशान है। कहा कि ननखड़ी में बीते एक साल से बीडीओ के पद सहित 29 पद खाली चल रहे हैं और 17 पंचायतों का जिम्मा चार सचिव के हवाले हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार ने शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया तो जनता को लामबंद कर भाजपा सडक़ों पर उतर कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। इस मौके पर भाजपा मंडल रामपुर के अध्यक्ष नरेश चौहान, सराहन मंडल के अध्यक्ष महेंद्र जैन, पूर्व महासू महासचिव विजय गुप्ता, मीडिया प्रभारी दिनेश खमराल और पुरुषोत्तम मौजूद रहे।