जोगिंद्रनगर में बारिश और खराब मौसम के बीच सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहर में एक बाइक की चपेट में आ जाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मंडी पठानकोट हाईवे पर शहर के मुख्य बाजार में हुए इस सड़क हादसे पर स्थानीय पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक बुजुर्ग की पहचान भूरि सिंह (71) पुत्र सिंधू राम निवासी गांव कोंसल डाकघर बस्सी जोगिंद्रनगर के रूप में हुई है। बुजुर्ग शहर में सोमवार को खरीदारी व अन्य काम के लिए पहुंचा था। सोमवार दोपहर बाद बारिश और खराब मोसम के बीच शहर के मुख्य बाजार में वह बाइक की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया। नजदीक के कारोबारी और घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने निजी वाहन में उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर पर आई गहरी चोट के चलते मौत हो गई। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच जारी है।