महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में बदलावों के विरोध में शनिवार को सुंदरनगर ब्लॉक में कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जोरदार प्रदर्शन और रोष रैली निकाली। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बदलावों को वापस लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मनरेगा को ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा बताते हुए कहा कि योजना को कमजोर करने वाले फैसले जनविरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से ग्रामीण रोजगार प्रभावित हो रहा है और मजदूरों के अधिकारों पर सीधा असर पड़ रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंपा ठाकुर ने कहा कि मनरेगा के जरिये करोड़ों परिवारों को आजीविका की गारंटी मिली थी, लेकिन वर्तमान में योजना की फंडिंग में कटौती, भुगतान में देरी और नई शर्तों के कारण मजदूरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से इसे कमजोर कर रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी स्वीकार नहीं करेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान पूर्व सीपीएस एवं पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर मनरेगा को बचाने और सरकार की नीतियों के विरोध में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।