धर्मपुर के सुहरा बाल्ही में एसपी बस्ती के समीप प्रस्तावित सीवरेज टैंक के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बस्ती के नजदीक टैंक बनने से स्थानीय लोगों के साथ स्कूल और पेयजल योजना को भी नुकसान पहुंच सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि टैंक का निर्माण किसी दूसरी उपयुक्त जगह पर करवाया जाए। इस संबंध में समस्त ग्राम निवासियों ने उपमंडल अधिकारी धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल को ज्ञापन सौंपा है। मामला नगर पंचायत धर्मपुर के वार्ड नंबर छह के बरडाना-2/सुहरा बाल्ही क्षेत्र का है। ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित सीवरेज टैंक का स्थान अनुसूचित जाति बस्ती के बिल्कुल समीप है। ऐसे में यहां निर्माण होने से बस्ती के लोगों और आसपास मौजूद सार्वजनिक सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने मांग उठाई है कि निर्माण से पहले मौके की स्थिति का दोबारा आकलन किया जाए और लोगों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए दूसरी जगह का चयन किया जाए। ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से आग्रह किया कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर प्रस्तावित स्थल की उपयुक्तता की जांच करे। उन्होंने कहा कि टैंक का निर्माण ऐसी जगह पर होना चाहिए, जहां स्थानीय आबादी, स्कूल और पेयजल योजना को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। ग्रामीणों ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करने के बाद ही आगामी कार्रवाई करने की अपील की है। इस मौके पर पंचायत समिति धर्मपुर के पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार, पूर्व प्रधान एवं महिला मंडल प्रधान शारदा देवी, प्रेम चंद, गोकल चंद, राकेश कुमार, राज कुमार, विधिचंद, रजनी देवी, हल्कु राम, पवन कुमार, राहुल, चमन लाल, हिमा देवी, रीता देवी, वंदना, पिंकी, सतीश कुमार, प्रीति और अभिषेक सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। जल शक्ति विभाग मंडल धर्मपुर-भराड़ी के अधिशासी अभियंता विवेक हाजरी ने बताया कि संबंधित स्थान का निरीक्षण किया गया है और यह जगह पहले से ही चिन्हित है।