कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस तीन महीने के भीतर ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में योग्य कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी और कांग्रेस हमेशा से लोकतांत्रिक मूल्यों को महत्व देने वाली पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का अगला लक्ष्य मजबूत संगठन और 2027 में सरकार बनाना है। मंगलवार को सुंदरनगर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार का विश्राम गृह परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति की समीक्षा की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश के विपक्ष पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी में लगा है। अगर विपक्ष सच में प्रदेश के हित में काम करता तो केंद्र सरकार से आपदा राहत के लिए 1500 करोड़ रुपये मिल जाते, लेकिन विपक्ष अपनी राजनीति चमकाने में लगा है और प्रदेश के हितों को नुकसान पहुंचा रहा है। इस मौके पर पूर्व सीपीएस और पूर्व विधायक सुंदरनगर सोहन लाल ठाकुर ने भी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर प्रदेश अध्यक्ष को जानकारी दी। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पूर्व पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।