डीसी मंडी अपूर्व देवगन को कैबिनेट मंत्री यादविंद्र गोमा की ओर से विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से जारी किए गए विशेषाधिकार प्रस्ताव को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने प्रतिक्रिया दी है। मंडी में अजय राणा ने कहा कि बतौर डीसी अपूर्व देवगन को दो वर्षों का कार्यकाल अच्छा रहा है। आपदा के समय में इन्हीं के नेतृत्व में प्रशासन ने जो काम किए उसी के दम पर प्रदेश सरकार पड्डल मैदान में अपनी पीठ थपथपा कर चली गई थी। आज उसी अधिकारी को विशेषाधिकार प्रस्ताव के तहत नोटिस जारी करना सरकार की संकीर्ण सोच का प्रदर्शन कर रहा है। आज लोग सोशल मीडिया पर खुलकर डीसी मंडी के समर्थन में उतरे हैं। यादविंद्र गोमा को नोटिस जारी करने से पहले यह सोच लेना चाहिए था कि उनकी सरकार ने ही उन्हें बीते दो वर्षों से इस पद पर बैठा रखा है।