एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने सांसद कंगना रणौत को चेतावनी दी है कि कांग्रेस नेताओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग बंद करें, अन्यथा घेराव किया जाएगा। मंगलवार को पत्रकार वार्ता में गुलेरिया ने कहा कि कंगना को अपनी बयानबाजी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद कंगना अपने मंडी दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रही हैं। जब मंडी में आपदा आई थी, तब वह नदारद थीं। अब एक साल बाद जब उनकी गैरमौजूदगी का मुद्दा उठा है तो वह लोगों के बीच जाकर अनुचित भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं। गुलेरिया ने स्पष्ट किया कि कंगना को विकास और जनहित के मुद्दों पर बात करनी चाहिए। कांग्रेस पदाधिकारियों ने याद दिलाया कि चुनाव से पहले कंगना ने कई वादे किए थे, उन्हें पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए। कहा कि कभी वह हार पहनने से मना करती हैं तो कभी अभद्र भाषा का प्रयोग करती हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से पहले भी कई सांसद रहे हैं, कंगना को राजनीति की समझ विकसित करनी चाहिए।