बीबीएमबी ने आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए लोगों की सुरक्षा और जागरूकता के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। यह बैठक विशेष रूप से ब्यास नदी किनारे बसे क्षेत्रों के लिए बाढ़ से पूर्व तैयारियों पर केंद्रित रही। बैठक में बीबीएमबी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य था संभावित जल स्तर बढ़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करना और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करना। बीबीएमबी अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान बांधों से पानी छोड़े जाने की संभावना रहती है, इसलिए पहले से ही सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। पंडोह डैम और अन्य जलाशयों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में पहले से चेतावनी जारी की जाएगी। गांवों में मुनादी व लाउडस्पीकर के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक समय रहते सूचना पहुंचाई जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू टीमों को तैयार रखा जाएगा। बीबीएमबी ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही नदी के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। यह बैठक बीबीएमबी की ओर से मानसून से पहले की गई एक सतर्क और सराहनीय पहल मानी जा रही है, जिससे बाढ़ जैसी आपदाओं से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।