तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य खंड नग्गर के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में तंबाकू मुक्त अभियान के अंतर्गत पतलीकूहल बाजार में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू से दूरी बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बाजार में दुकानदारों और स्थानीय लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इसके सेवन से मुंह के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं और किशोरों को तंबाकू की लत से बचाने के लिए परिवार और समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है। शुरुआत से ही बच्चों और युवाओं को तंबाकू के नुकसान के बारे में जानकारी देना आवश्यक है। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षिका ममता चौहान ने उपस्थित लोगों को तंबाकू मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वयं तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज को तंबाकू की लत से मुक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।