अप्रैल महीने का पहला सप्ताह शुरू होने के बाद कुल्लू में पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। पर्यटक जहां लाहौल की वादियों में बर्फ का दीदार कर रहे हैं। वहीं, ब्यास की लहरों पर भी सैलानी राफ्टिंग का लुत्फ उठा रहे हैं। राफ्टिंग प्वाइंट बबेली, बाशिंग और पिरड़ी में सैलानियों का जमावड़ा लग रहा है। बबेली से राफ्ट में बैठने के बाद सैलानी बाशिंग पहुंच रहे हैं। ब्यास के जलधारा में राफ्टिंग का रोमांच पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षिक कर रहा है। आने वाले दिनों में राफ्टिंग गतिविधियां और जोर पकड़ेंगी। रिवर राफ्टिंग से जिले में करीब 5,000 से 10,000 युवा जुड़े हुए हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा ने कहा कि साहसिक गतिविधियों से युवाओं को रोजगार मिल रहा है।