आसमान के रोमांच का अनुभव पाने के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी खुद को पैराग्लाइडिंग करने से नहीं रोक पाए। सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग प्री एक्यूरेसी वर्ल्ड कप के शुभारंभ पर उन्होंने फातरू से उड़ान भरी। पहली बार पैराग्लाइडिंग का अनुभव लेने के बाद मंत्री रोमांचित नजर आए। उन्होंने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शुरुआत में थोड़ा डर जरूर लगा, लेकिन जैसे ही उड़ान भरी, सारा डर दूर हो गया। आसमान में विचरते हुए रोमांचित हुए। सोलंगनाला की वादियों में शुक्रवार को रोमांच और साहस का अनूठा नजारा देखने को मिला। आसमान में रंग-बिरंगे पैराग्लाइडर और हवा में पायलटों के हैरतअंगेज करतब पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने। छह देशों से पहुंचे पैराग्लाइडिंग पायलटों ने हवा में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। मनाली में पहली बार आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। मनाली के एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने भी इस अवसर पर पैराग्लाइडिंग की। उन्होंने मंत्री राजेश धर्मानी के साथ ही उड़ान भरी।