पहाड़ों की खूबसूरती के बीच दौड़ने का रोमांच और फिटनेस का जुनून, दोनों एक साथ देखने को मिलेगा। पर्यटन नगरी मनाली में 11 अक्टूबर को हिमालयन मनाली मैराथन का आयोजन किया जाएगा। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से होटलियर एसोसिएशन मनाली ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। होटलियर एसोसिएशन मनाली की ओर से आयोजित होने वाली इस मैराथन में पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहेगा। आयोजन को लेकर होटलियर एसोसिएशन के महासचिव गौरव ठाकुर ने वीरवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मनाली को साहसिक पर्यटन के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स और फिटनेस गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के तौर पर विकसित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। हिमालयन मनाली मैराथन में अलग-अलग वर्गों के प्रतिभागियों के लिए दौड़ आयोजित की जाएगी। इसका सबसे बड़ा आकर्षण 42 किलोमीटर की फुल मैराथन होगी। इसके अलावा 22 किलोमीटर की हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर की मैराथन भी करवाई जाएगी। आयोजन में बच्चों को भी खास तौर पर जोड़ा गया है। उनके लिए अलग मैराथन होगी। इसका उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही खेल, दौड़ और फिटनेस के प्रति रुचि पैदा करना है। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। मैराथन में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण निशुल्क रखा गया है। इससे अधिक से अधिक युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के इस आयोजन से जुड़ने की उम्मीद है। गौरव ठाकुर ने कहा कि मनाली पहले से ही अपने प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक गतिविधियों के लिए देश-दुनिया में पहचान रखता है। मैराथन के जरिए इस पहचान को एक नए आयाम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि आयोजन से मनाली में एडवेंचर स्पोर्ट्स और फिटनेस टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। मैराथन के आयोजन में मनाली की विभिन्न संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। होटलियर एसोसिएशन ने इसे केवल एक दौड़ तक सीमित न रखते हुए मनाली को फिटनेस, एडवेंचर और पर्यटन के संगम के रूप में सामने लाने की तैयारी की है। पत्रकार वार्ता में होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, उपाध्यक्ष मानचंद ठाकुर, संयुक्त सचिव चमन ठाकुर, देश राज, पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर और टेक चंद ठाकुर मौजूद रहे।