संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी बीआरओ मार्ग पर दरेड़ नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण मार्ग को पार करना जोखिम भरा हो गया था, जिसके चलते एहतियातन वाहनों को दोनों ओर रोक दिया गया। जलस्तर बढ़ने के बाद मार्ग पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों और वाहन चालकों को करीब दो घंटे तक मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा।