पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने धर्मशाला में एक कॉलेज छात्रा की कथित प्रताड़ना के बाद हुई मौत को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार की नालायकी और कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाती है। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन को इस मामले में तुरंत कड़ा संज्ञान लेना चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। पूर्व मंत्री ने बताया कि मृतक छात्रा दलित परिवार से संबंध रखती थी। उन्होंने मांग की कि यदि उसके साथ किसी भी प्रकार की जातिगत आधार पर प्रताड़ना की मंशा रही है, तो इस पहलू की भी गहन जांच की जानी चाहिए।