जिला पुलिस नूरपुर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की सख्ती अब बड़ा जनमुद्दा बनती जा रही है। जिला पुलिस की ओर से खड्डों और नदी-नालों से रेत और बजरी निकालने के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत नियमों की अवहेलना करने वाले ट्रैक्टर चालकों के चालान काटे जा रहे हैं और उनके वाहनों को जब्त कर अदालत में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई से ट्रैक्टर चालकों और छोटे किसानों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि रेत-बजरी का काम ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इस तरह की सख्ती से उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी के विरोध में फतेहपुर, नूरपुर, जवाली और इंदौरा क्षेत्रों के ट्रैक्टर चालक पूर्व मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश पठानिया की अगुवाई में सड़कों पर उतर आए और नूरपुर से तलाड़ा तथा भरमाड़ से रैहन तक रैली निकाली। रैली के बाद तलाड़ा ग्राउंड में जोरदार प्रदर्शन किया गया। जहां सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शन के दौरान ट्रैक्टर चालकों और मालिकों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि वो दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। लेकिन लगातार चालान और ट्रैक्टर जब्त होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उनका कहना है कि उन्होंने लोन लेकर ट्रैक्टर खरीदे हैं। ऐसे में किस्तें चुकाना भी मुश्किल हो रहा है। चालकों ने स्पष्ट किया कि वो अवैध कार्य के पक्ष में नहीं हैं लेकिन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के इस तरह की सख्ती उन्हें बर्बादी की ओर धकेल रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजर अंदाज किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।