विकासखंड कार्यालय नगरोटा सूरियां से ज्वाली स्थानांतरण को लेकर नगरोटा सूरिया संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर रोष प्रदर्शन किया और सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान संघर्ष समिति के संयोजक संजय महाजन, गुरचरण सिंह बेदी, जसवंत गुलेरिया के नेतृत्व में तहसीलदार नगरोटा सूरियां को एक ज्ञापन सौंप कर राज्यपाल महोदय से मांग की है कि विकास खड नगरोटा सूरियां कार्यालय के स्थानांतरण की अधिसूचना को रद्द किया जाए। ज्ञापन देने के बाद तहसील कार्यालय से विकास खण्ड मुख्यालय तक रोष रैली निकाली। बाद में रैली ने धरने के रूप ले लिया। धरने के पहले दिन संघर्ष समिति के पांच लोग अनिश्चितकाल के लिए धरने पर बैठ गए। संघर्ष समिति संयोजक संजय महाजन ने कहा कि धरना प्रदर्शन विकास खण्ड स्थानांतरण अधिसूचना रद होने तक लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर भाजपा नेता संजय गुलेरिया, ब्लॉक समिति के उपाध्यक्ष धीरज अत्री सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।