ज्वालामुखी में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को ज्वालामुखी में रोष प्रदर्शन किया। यह रैली भाजपा कार्यालय से आरंभ होकर मुख्य बस स्टैंड तक निकाली गई, जिसका नेतृत्व पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, भाजपा देहरा संगठनात्मक जिला अध्यक्ष अजय खट्टा, भाजपा ज्वालामुखी मंडल अध्यक्ष सरोज कुमारी, भाजपा खुंडिया मंडल अध्यक्ष संजय राणा, राम स्वरूप शास्त्री, विजय मेहता सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया। रैली में शामिल लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मंदिर मार्ग पर पाकिस्तान का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने इस मौके पर कहा कि यह नृशंस हमला निंदनीय है। आतंकियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस दौरान हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।