औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरपुर में 13 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जा रहा है। आईटीआई के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे इस मेले का उद्देश्य युवाओं को अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान करना, भविष्य उन्मुख क्षेत्रों के अनुरूप कौशल विकसित करना तथा स्किल इंडिया मिशन की दृष्टि के अनुरूप अप्रेंटिसशिप अवसरों की खोज के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है।इस मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं। यह कंपनियां प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिस के रूप में अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकृत करेंगी, जिससे युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं उद्योग जगत में प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।इस मेले में 5वीं, 8वीं पास, दसवीं पास, बारहवीं पास, विभिन्न ट्रेड्स में आईटीआई डिप्लोमाधारक, तीन वर्षीय डिप्लोमा धारक और चार वर्षीय डिग्री धारक फ्रेशर्स और अनुभवी युवा अपने बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो और सभी प्रमाण पत्रों की मूल व फोटो प्रतियों सहित भाग ले सकते हैं। मेले में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों का अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण किया जाएगा और चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा अप्रेंटिसशिप अधिनियम के अनुसार न्यूनतम मासिक मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।