सुजानपुर बस स्टैंड के पास सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर परिषद ने कदम उठाया है। यहां 30 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पुराने और जर्जर शौचालय को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। पुराना भवन हटने के बाद इसी स्थान पर नए शौचालय का निर्माण किया जाएगा। नगर परिषद ने आगामी होली उत्सव 2027 से पहले निर्माण कार्य पूरा कर शौचालय को आम जनता के लिए शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नए शौचालय में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। सुजानपुर बस स्टैंड के पास स्थित पुराने शौचालय की हालत खराब होने के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसकी मरम्मत और व्यवस्था सुधारने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। लोगों की समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने पुराने भवन की मरम्मत के बजाय नए सिरे से निर्माण करवाने का निर्णय लिया है। सुजानपुर बस अड्डे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में आधुनिक सार्वजनिक शौचालय बनने से बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों के साथ शहरवासियों को भी सुविधा मिलेगी। खासकर महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था होने से सार्वजनिक सुविधा में सुधार होगा। नगर परिषद सुजानपुर के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने बताया कि शौचालय निर्माण के लिए 30 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। पुराने भवन को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसे हटाने के बाद उसी स्थान पर नए शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा।