ग्राम पंचायत देई का नौण के वार्ड नंबर पांच पनियाला में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। मंगलवार को महिलाओं ने उपायुक्त हमीरपुर कार्यालय पहुंचकर डीसी को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। सरकार व विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने बताया कि पंचायत में दो पेयजल लाइनें डाली गई हैं, लेकिन दोनों में से किसी भी लाइन में पानी नहीं आ रहा है। इससे ग्रामीणों को पिछले कई महीनों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण रंजन शर्मा ने बताया कि जल शक्ति विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। महिला मंडल प्रधान शकुंतला देवी ने बताया कि कई बार निवेदन करने के बावजूद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पनियाला गांव की पेयजल समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि जल्द ही उनकी समस्या का स्थायी समाधान होगा और गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी।