सदर थाना क्षेत्र के तहत डांगक्वाली सड़क पर बुधवार सुबह कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के कारण सुजानपुर-हमीरपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए हल्का जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, ट्रक डांगक्वाली की ओर से हमीरपुर बस अड्डे की तरफ आ रहा था, जबकि कार डांगक्वाली सड़क पर चढ़ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालते हुए वाहनों की आवाजाही सुचारू करवाई। एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।