हिमाचल प्रदेश के एनआईटी हमीरपुर में अंतिम वर्ष के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में रात के समय पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार देर रात्र को हिमगिरी हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटककर फंदा लगाने की घटना का सुबह पता लगते ही एनआईटी में सनसनी फैल गई है। मृतक छात्र आयंश शर्मा उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला था और एनआईटी से डुअल डिग्री कोर्स कर रहा था। सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना मौके पर पहुंची और छात्र के शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी। वहीं अभी तक मृतक युवक के आत्महत्या करने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि छात्र पढ़ाई में भी अच्छा था और कुछ महीने बाद वह अपनी डिग्री पूरी करने वाला था। एनआईटी हमीरपुर के रजिस्टार प्रो. अर्चना ननोटी ने छात्र की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि छात्र के इस तरह के कदम से पूरे संस्थान में शोक की लहर है। उन्होंने कहा कि छात्र की मौत का पता चलते ही सुबह पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दी है और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया है।