हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के विकास खंड बिझड़ी में सीटू ने सोमवार को मजदूरों को वित्तीय लाभ नहीं मिलने व बिजली बोर्ड सहित रेलवे के निजीकरण के विरोध में सैकड़ों मजदूरों ने प्रदर्शन किया। उपमंडल बड़सर के बिझड़ी बाजार में मजदूरों ने प्रदेश की कांग्रेस व केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। सीटू राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर कश्मीर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को विकास खंड अधिकारी बिझड़ी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया। कश्मीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से मजदूर विरोधी फैसले लिए जा रहे हैं। प्रदेश में 4.30 लाख मजदूरों को श्रम कल्याण बोर्ड का लाभ मिलना बंद हो चुका है। उन्होंने कहा कि श्रम कल्याण बोर्ड से मनरेगा मजदूरों को अलग कर दिया गया है व कॉपियों का पंजीकरण भी नहीं हो पा रहा है। पंचायत में मनरेगा के काम नहीं हो पा रहे हैं। मजदूरों के बच्चों को मिलने वाले वजीफे, विवाह शादी के लिए मिलने वाला लाभ अब नहीं दिए जा रहे हैं जिससे गरीब लोग परेशान हैं। इस उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार अपना अड़ियल रवैया जारी रखती है तो 25 नवंबर को शिमला में सचिवालय का घेराव किया जाएगा।