नगर परिषद सुजानपुर की बजट बैठक परिषद कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित हुई। 7 करोड़ 67 लाख 38 हजार रुपए वार्षिक बजट बैठक में पारित किया गया। इस बैठक में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत राणा भी उपस्थित रहे। नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शकुंतला देवी ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर तमाम पार्षदों की सहमति पर सफाई ठेकेदार के ठेके को रद्द कर दिया गया है। शीघ्र सुजानपुर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु करने के लिए सफाई का नया ठेका दिया जाएगा। इस बार यह सफाई ठेका तीन-तीन वार्डो का अलग-अलग दिया जाएगा। शहर में अब तक सफाई के लिए करीब 30 कर्मचारी तैनात किए गए थे लेकिन अब सफाई कर्मचारियों की संख्या को बढ़ाकर 50 कर दिया गया है जिसमें हर वार्ड में चार सफाई कर्मचारी सुजानपुर बस स्टैंड पर दो अतिरिक्त कर्मचारी, कूड़ा संयंत्र स्थल धार में 6 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ-साथ शहर में सफाई व्यवस्था के लिए नए वाहन भी खरीदे जाएंगे। ऐतिहासिक मैदान में पनप रहे जहरीले घास की कटिंग के लिए नया ग्रास कटर मशीन खरीदी जाएगी। हाउस टैक्स के लिए जो ड्रोन सर्वे चलाया जायेगा शहर में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए मैदान के चारों तरफ स्थल चिन्हित किए जाएंगे। यहां पर वाहन पार्क हो सके ऐसा प्रावधान जल्द किया जाएगा। नगर परिषद उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि सुजानपुर में नए टेंडर लगाने की बजाय शहर के जरूरी कार्यों को किया जाए। वार्ड नंबर नौ में वर्षाशालिका के निर्माण की मांग उठाई गई है। विधायक की ओर से जमीन के हस्तातंरण को लेकर आश्वासन दिया है। बैठक में नगर परिषद अधिकारी संजय कुमार, पार्षद सविता महाजन, वीना धीमान, नीता सड़ियाल, मनोज ठाकुर उपस्थित रहे।