फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur: अजय शर्मा बोले- बागवानों की उपज के विपणन की व्यवस्था करेगी एपीएमसी

Krishan Singh Updated Thu, 19 Jun 2025 04:46 PM IST

कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय में बढ़ोतरी करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय लिए हैं व कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। मुख्यमंत्री के इन निर्णयों एवं योजनाओं का सीधा लाभ किसानों, बागवानों और पशुपालकों को मिल रहा है। हमीरपुर के निकटवर्ती गांव कुठेड़ा के प्रगतिशील बागवान देसराज शर्मा के बागीचे का दौरा करने के बाद अजय शर्मा ने कहा कि जिला में पारंपरिक फसलों के साथ बागवानी की फसलों के विपणन के लिए भी एपीएमसी विशेष प्रयास करेगी, ताकि जिला के किसान-बागवान फलों एवं अन्य नकदी फसलों से भी अच्छी आय अर्जित कर सकें। अजय शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने एचपी शिवा परियोजना आरंभ की है। यह परियोजना प्रदेश के निचले क्षेत्रों में एक नई क्रांति की शुरुआत कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं, मक्की और हल्दी की फसलों के लिए तथा दूध के लिए अलग से उच्च मूल्य निर्धारित करके किसानों, बागवानों और पशुपालकों के लिए बहुत बड़ी सौगात दी है। इस अवसर पर अजय शर्मा ने एपीएमसी की सचिव अरुणा शर्मा के साथ प्रगतिशील बागवान देसराज शर्मा के बागीचे में विभिन्न फलों के पौधों का जायजा लिया। शिक्षा विभाग से उपनिदेशक के पद से सेवानिवृत हुए देसराज शर्मा ने अपने बागीचे में सेब, आम, कीवी, अंगूर, लीची, जापानी फल, केला, मौसम्बी, बादाम, करौंदा और कई अन्य पौधे लगाए हैं। अजय शर्मा ने कहा कि हमीरपुर जैसे उष्णकटिबंधीय क्षेत्र में भी सेब की उच्च स्तरीय फसल तैयार करके देसराज शर्मा ने एक मिसाल कायम की है। उनके बागीचे में सेब की अन्ना और गोल्डन किस्मों के 40 पौधों पर उच्च गुणवत्ता एवं बड़े आकार के सेब लगे हैं, जिनकी गुणवत्ता शिमला और कुल्लू के सेब से कम नहीं है। एपीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि देसराज शर्मा के प्रयास केवल जिला हमीरपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य निचले इलाकों के किसानों-बागवानों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। देसराज शर्मा को बधाई देते हुए अजय शर्मा ने कहा कि जिले के प्रगतिशील किसानों-बागवानों की फसलों के विपणन के लिए एपीएमसी हरसंभव मदद प्रदान करेगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें