बनीखेत (चंबा)। नगर पंचायत बनीखेत से कंडा गांव को जाने वाली सड़क बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं और कई स्थानों पर बजरी उखड़कर बाहर आ गई है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम आवंटित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक मौके पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी मनीष कुमार, रविंद्र कुमार, आशीष कुमार, नीरज कुमार, मनोज कुमार और बलविंद्र सिंह ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि दोपहिया वाहन लेकर गुजरना जोखिम भरा हो गया है। बनीखेत से कंडा से पुखरी और ढबरेन समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग इसी सड़क से पैदल और वाहनों के माध्यम से आवाजाही करते हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुनील धवन ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर काम आवंटित कर दिया गया है। ठेकेदार को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे।