आग की एक छोटी सी चिंगारी देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर सकती है। जिसमें लाखों रुपये की संपत्ति पलभर में राख हो सकती है। इसलिए जंगल सहित अन्य स्थानाें पर आग की छोटी सी चिंगारी नजर आने पर तुरंत उसे बुझा देना चाहिए। यह बात चुराह वन मंडल की तीसा रेंज में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले वन मित्रों को दमकल विभाग के अधिकारियों ने दी। वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि रेंज स्तर पर वन मित्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शनिवार को तीसा रेंज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वन मित्रों को साथ लगते जंगल में ले जाया गया। जहां पर दमकल विभाग की टीम ने उन्हें आगजनी से निपटने के तरीके बताए। वन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें वनों की सुरक्षा के बारे में समझाया।