पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दौरान झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नघयार में लोकतंत्र के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई। लगातार हो रही बारिश के बीच 65 वर्षीय बीमार देवराज को ग्रामीणों और परिजनों ने पालकी में उठाकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया, जहां उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। स्वास्थ्य खराब होने और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद देवराज ने मतदान करने का निर्णय लिया। बारिश के कारण रास्ता भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें पालकी में बैठाकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने देवराज के इस जज्बे की सराहना की। उनका कहना था कि लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी के लिए दिखाई गई यह प्रतिबद्धता अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणा है। पंचायत चुनाव के दौरान नघयार पंचायत से सामने आई यह तस्वीर बताती है कि मतदान के प्रति लोगों में कितना उत्साह और जागरूकता है। उम्र, बीमारी और खराब मौसम भी देवराज को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने से नहीं रोक सके।