बिलासपुर की गोबिंद सागर झील में सैलानी पहली बार क्रूज का आनंद ले सकेंगे। केरल के कोच्चि से 60 सीटर क्रूज बिलासपुर पहुंच गया है। अगले सप्ताह से पर्यटक क्रूज की सवारी कर सकेंगे। प्रदेश में यह पहला मौका होगा जब गोवा की तरह पर्यटक यहां भी क्रूज का आनंद ले सकेंगे। क्रूज का संचालन किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गोबिंद सागर झील पर बने मंडी भराड़ी पुल के पास से किया जाएगा। फोरलेन से आने वाले पर्यटक इस जगह पर आसानी से पहुंच सकेंगे। बता दें कि गोबिंद सागर झील को बिलासपुर के कंदरौर से भाखड़ा बांध के 15 किलोमीटर पीछे तक वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए अधिसूचित किया गया है। बिलासपुर प्रशासन की ओर से एक कंपनी को स्टीमर, क्रूज, जेटी आदि को व्यावसायिक रूप से चलाने के लिए टेंडर किया है। कंपनी के स्टीमर, जेटी पहले ही पहुंच चुके है। अब 60 सीटर क्रूज पहुंच गया है।