झंडूता विकास खंड की नौ ग्राम पंचायतों के नवनियुक्त वार्ड सदस्यों के लिए सोमवार को पंचायत समिति हॉल में प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। शिविर में वार्ड सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था, उनके अधिकारों और कर्तव्यों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण शिविर का समापन 15 अक्तूबर को होगा। विकास खंड अधिकारी झंडूता संजीव पुरी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान वार्ड सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था के तहत उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत करवाया जा रहा है। उन्हें पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में सहभागिता, पंचायत बैठकों में भाग लेने और ग्रामीणों की समस्याओं को पंचायत के माध्यम से उठाने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। शिविर में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया जा रहा है। इनमें स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। अधिकारियों की ओर से वार्ड सदस्यों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और ग्रामीण स्तर पर उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य वार्ड सदस्यों को अपने क्षेत्र के लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करने के लिए तैयार करना है।