उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों की सभी लोग अनुपालना सुनिश्चित करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक यात्रा से परहेज करें और यदि जरूरी हो तो पूरी सतर्कता और एहतियात बरतें। उन्होंने कहा कि कोलडैम से पानी छोड़े जाने और लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में लोग इनसे दूरी बनाए रखें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि अब तक जिले में मानसून से 100 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान आंका गया है, जिसमें लोक निर्माण विभाग को करीब 75 करोड़ और जल शक्ति विभाग को 20 करोड़ का नुकसान शामिल है। बिजली बोर्ड के भी 15 पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। हाल ही में हुई भारी बारिश से जहां लोक निर्माण विभाग की 15 सड़कें बंद हैं, वहीं जल शक्ति विभाग की 23 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। विभागीय अधिकारियों को बंद सड़कें खोलने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राजस्व विभाग को प्रभावितों का नुकसान आकलन कर राहत मैनुअल के तहत तुरंत सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है। बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग भी समलेटू व थापना में भूस्खलन के चलते प्रभावित हुआ है। इन स्थानों पर मशीनरी तैनात है और यातायात वन-वे चलाया जा रहा है। वाहन चालकों से सावधानी से यात्रा करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की हेल्पलाइन 1077 या राज्य आपदा हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।