राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 को इस बार और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 17 से 23 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले के सफल संचालन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर की अध्यक्षता में सांस्कृतिक उप समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों के चयन की पारदर्शी प्रक्रिया, मंच संचालन, तकनीकी व्यवस्था और कार्यक्रमों की गुणवत्ता को लेकर गहन चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष नलवाड़ी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नया और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि यह आयोजन न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन सके। कलाकारों के चयन के लिए पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक प्रणाली अपनाई जाएगी। इसके लिए अलग-अलग चयन समितियों का गठन किया गया है, जो स्थानीय, प्रदेश, अन्य राज्यों के प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन करेंगी। प्रशासन का उद्देश्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता को उच्च स्तर तक ले जाना और मेले की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ करना है। इस वर्ष पहली बार वॉयस ऑफ बिलासपुर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बताया कि यह पहल जिले की छिपी हुई गायन प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रतियोगिता में 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के प्रारंभिक ऑडिशन 28 फरवरी 2026 को भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित किए जाएंगे। इस चरण में चयनित शीर्ष 15 प्रतिभागियों को विशेष ग्रूमिंग सत्रों में शामिल किया जाएगा। इन सत्रों के दौरान संगीत क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ प्रतिभागियों को प्रस्तुति कौशल, स्वर साधना, मंच संचालन और आत्मविश्वास बढ़ाने संबंधी प्रशिक्षण देंगे।