जिला मुख्यालय के बचत भवन में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में नशा मुक्त भारत अभियान की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2023 में बिलासपुर को नशा मुक्त भारत अभियान में शामिल किया गया था और अब तक शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों व अन्य संगठनों के सहयोग से करीब एक लाख लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन मिलकर अभियान को और तेज करेंगे। खेल विभाग को जिला स्तर पर मैराथन दौड़ आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में नशा मुक्त भविष्य के लिए युवाओं को सशक्त बनाना विषय पर दो दिवसीय युवा महोत्सव होगा और राजकीय महाविद्यालय जुखाला को नशा मुक्त परिसर घोषित किया जाएगा। उन्होंने सभी पंचायतों से अपील की कि वे खुद को नशा मुक्त घोषित करें। जो पंचायतें ऐसा करेंगी, उन्हें 15 अगस्त और 26 जनवरी को विशेष सम्मान मिलेगा। कहा कि जिला में शीघ्र ही नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए मध्य हिमालयन परियोजना के भवन का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया है कि खाली सरकारी भवन निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। बताया कि जिले में प्रहार योजना भी लागू है, जिसके तहत नशा रोकथाम, पुनर्वास, जागरूकता और दोबारा एकीकरण पर कार्य होगा। इस अभियान के लिए अदाणी फाउंडेशन 45 लाख रुपये की सहायता दे रहा है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।