नौणी-भराड़ीघाट फोरलेन निर्माण कार्य को लेकर ब्रह्मपुखर क्षेत्र में उठी स्थानीय लोगों की समस्याओं के बाद शुक्रवार को एनएचएआई और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में पिछले करीब एक साल से फोरलेन निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल की समस्या बढ़ गई है। इसके कारण आसपास के घरों और दुकानों में धूल भर रही है और लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। इसके अलावा ग्रामीणों ने ब्रह्मपुखर चौक पर शौचालय की व्यवस्था न होने का मुद्दा भी उठाया। लोगों का कहना है कि यहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं है।