जगाधरी क्षेत्र में स्प्रिंग डेल स्कूल वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर एकत्रित हुए और जगह-जगह बने गड्ढों, जलभराव और अव्यवस्थित बिजली की तारों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में भाजपा का झंडा गाड़कर विरोध जताया और जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। आप नेता जिलाध्यक्ष राहुल भान ने कहा कि जगाधरी की इस सड़क पर स्प्रिंग डेल स्कूल और भगवान परशुराम स्कूल स्थित हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक आते-जाते हैं। इसके अलावा आसपास रिहायशी क्षेत्र भी हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों के साथ आए दिन हादसे हो रहे हैं। व्यासपुर रोड से प्रवेश करते ही शुरू हो जाते हैं गड्ढे राहुल भान ने कहा कि व्यासपुर रोड से जैसे ही इस सड़क पर प्रवेश करते हैं, गड्ढों का सिलसिला शुरू हो जाता है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि कई लोग इन गड्ढों में वाहन फंसने या असंतुलित होने के कारण गिरकर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। मेयर भाजपा की, विधायक कांग्रेस के नेता चिराग सिंघल ने कहा कि नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी भाजपा से हैं, जबकि जगाधरी विधानसभा क्षेत्र से अकरम खान कांग्रेस के विधायक हैं। इसके बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय जनता की समस्या का समाधान करें, क्योंकि खराब सड़क का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। चिराग सिंघल ने सड़क पर लगे एक लोहे के खंभे और उससे लटक रही बिजली की तारों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में यहां करीब दो फुट तक पानी भर जाता है। ऐसे में पानी और बिजली के तारों के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। आप नेताओं ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, जलभराव की समस्या दूर करने और बिजली के खंभे व लटकती तारों को सुरक्षित कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनता की आवाज को लेकर आगे भी प्रदर्शन करेगी।