एनएच-352ए पर गांव मोहाना के पास टोल प्लाजा पर रविवार को कई गांव के ग्रामीण पहुंचे और रोष जताया। ग्रामीणों ने आसपास गांवों के लोगों के वाहनों का टोल माफ कराने की मांग करते हुए करीब डेढ़ घंटे तक टोल फ्री कराए रखा। इस दौरान टोल कर्मियों व ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। मौके पर हालात तब बिगड़ गए जब टोल कर्मी ने हथियार लहरा दिया। ग्रामीणों को धमकाने की कोशिश की तो लोगों ने उसकी धुनाई कर दी। पुलिस ने इस मामले में टोल कर्मी के लाइसेंसी हथियार गिरने पर उसे उठाने की बात कही है। रविवार मोहाना, नैना ततारपुर, माजरा, तिहाड़, जाजी, लोहारी टिब्बा, माच्छरी व जुआं के ग्रामीण व पंचायत प्रतिनिधि टोल प्लाजा पर रियायत की मांग को लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान टोल कर्मी और ग्रामीणों के बीच बहस शुरू हो गई जो देखते-देखते हंगामे में बदल गई। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टोल प्रबंधन स्थानीय लोगों से भी वसूली कर रहा है, जबकि नियमों के मुताबिक उन्हें छूट मिलनी चाहिए। इतना ही नहीं टोल साइट पर रेट लिस्ट भी नहीं लगाई गई थी। ग्रामीणों का कहना था कि पास बनाए बिना जबरन टोल काटा जा रहा है और विरोध करने पर धमकाया जाता है। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला और ग्रामीणों को शांत किया। ग्रामीणों ने टोल कर्मी के खिलाफ शिकायत देकर टोल कर्मी का लाइसेंस रद करने की मांग की। बाद में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में टोल प्रबंधन और ग्राम प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक के दौरान बताया गया कि एनएचएआई की ओर से निर्धारित दरों से टोल लिया जाएगा। नियम के अनुसार वाहन चालकों को रियायत मिलेगी।