सोनीपत के गांव खिजरपुर जटमाजरा में पानी निकासी की मांग को लेकर बीडीपीओ कार्यालय में तपती गर्मी में धुना लगाकर जिला पार्षद संजय बड़वासनी और ब्लॉक समिति सदस्य विकास शर्मा ने अनोखा प्रदर्शन किया। इस पर अधिकारियों ने जिला पार्षद को पांच दिन के अंदर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि खिजरपुर जटमाजरा में थ्री पौंड सिस्टम के निर्माण पर 50-60 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन अधिकारियों ने पानी निकासी का कोई भी काम नहीं किया। जिसके कारण बारिश के दौरान तालाब ओवरफ्लो हो जाता है। यहां तक गलियों में भी कई दिन तक पानी भरा रहता है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि वह ढाई वर्ष से जिला परिषद की हाउस बैठक में लगातार आवाज उठा रहे है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने पंचायती राज में घोटाले का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को चैलेंज करते हुए खुले मंच पर बहस का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी मिलीभगत करके जनता के पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं जिनके उसके पास सबूत है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर पहुंचे खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकुर व पंचायती राज के उपमंडल अभियंता सचिन ने पांच दिन में पानी निकासी के लिए काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस पर जिला पार्षद ने दो घंटे में प्रदर्शन खत्म किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने दिए गए समय के तहत कार्रवाई नहीं की तो दोबारा से प्रदर्शन किया जाएगा।।