सोनीपत के गन्नौर नगर पालिका कार्यालय में शुक्रवार को वाइस चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक हुई। इसमें वाइस चेयरमैन दिनेश अदलखा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव 17 में से 14 पार्षदों ने पास किया। चेयरमैन अरुण त्यागी, दिनेश अदलखा, पार्षद वरुण जैन व खुशबू जैन को छोड़ सभी पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पर सहमति दी। नगरपालिका कार्यालय में एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर की अध्यक्षता में यह बैठक बुलाई गई। इससे पहले वाइस चेयरमैन के खिलाफ 13 पार्षदों ने उपायुक्त के समक्ष 20 नवंबर को अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। दो साल से वाइस चेयरमैन की कार्यप्रणाली से पार्षद नाराज चल रहे थे। प्रशासन की तरफ से बैठक का समय निर्धारित न करने पर पार्षद पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय पहुंच गए थे। एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद अब गन्नौर नगर पालिका में वाइस चेयरमैन का पद खाली हो गया है। उपायुक्त की तरफ से जल्द वाइस चेयरमैन के चुनाव की तारीख तय की जाएगी।