भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि आज दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में भाजपा की अहम बैठक होगी। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा प्रभारी व संगठन मंत्री शामिल रहेंगे। बैठक में नगर निगम चुनावों, सरकार के कामकाज व संगठन को लेकर चर्चा की जाएगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली सेक्टर-15 स्थित अपने निवास पर जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए वन नेशन वन इलेक्शन जरूरी है। किसानों के दिल्ली कूच के मुद्दे पर मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि किसान अपनी आवाज शांतिपूर्ण तरीके से उठाए। यह देश व प्रदेश किसानों का है। भाजपा पहली सरकार है, जो किसानों की फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद रही है। हरियाणा का किसान सरकार की नीतियों से संतुष्ट है।