सफाई कर्मचारियों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी का पुतला फूंका। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बाजारों, गलियों और मुख्य मार्गों पर सैंकड़ों टन कूड़ा जमा हो गया है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से दुर्गन्ध फैल रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में गंदगी बढ़ने से बीमारी फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि सरकार उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों को नजरअंदाज कर रही है। कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बातचीत कर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि सफाई व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौट सके।