सोनीपत। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन सांझा मोर्चा सोनीपत डिपो की ओर से सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में 5 और 6 नवंबर को प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए सोमवार को गेट मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग में कर्मचारियों ने सरकार के रवैये के प्रति रोष जताते हुए हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया। मंच संचालन अनिल बडोली ने किया। साझा मोर्चा अध्यक्ष मंडल के वरिष्ठ सदस्य संजीव, अशोक खोखर, सुनील, रामपत गोरड़ और मनजीत पहल ने कहा कि सरकार लगातार रोडवेज कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है। परिवहन मंत्री, महानिदेशक और हरियाणा कर्मचारी सांझा मोर्चा के बीच हुई बातचीत में सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार करते हुए एक महीने के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन करीब दो महीने बीतने के बावजूद अभी तक मांगों को लेकर कोई परिपत्र जारी नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि 5 और 6 नवंबर की हड़ताल केवल कर्मचारियों के हितों के लिए नहीं, बल्कि रोडवेज विभाग के निजीकरण के विरोध और आम जनता की भलाई के लिए भी है। सरकार किलोमीटर स्कीम के तहत निजी बसों और महंगी दरों पर खरीदी गई इलेक्ट्रिक बसों को सरकारी बेड़े में शामिल करने की दिशा में उचित कदम नहीं उठा रही है। वहीं, रोडवेज वर्कशॉप में मैकेनिकों की भर्ती नहीं की जा रही और चालक-परिचालकों की स्थायी भर्ती भी नहीं हो रही है। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां विभाग को निजीकरण की ओर धकेल रही हैं। रोडवेज कर्मचारी किसी भी सूरत में विभाग का निजीकरण बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर जल्द परिपत्र जारी किया जाए और विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो 5 और 6 नवंबर को सोनीपत डिपो का एक-एक कर्मचारी हड़ताल में शामिल होगा। गेट मीटिंग में संदीप मलिक, देवीलाल, राकेश, करम, सुनील, अनिल दहिया, रविंद्र, संदीप शर्मा, राजेश अंतिल, सुधीर, संदीप, संजय, प्रवीण और प्रदीप मलिक सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद रहे।