जिला परिषद को पौने चार साल हो गए हैं। अब तक पार्षदों व प्रशासन में समन्वय नहीं बन पाया है। अब भी ऐसा नहीं हुआ तो अधिकारियों के कार्यालय पर ताला लगाया जाएगा। यह कहना है जिला परिषद के वार्ड 12 के पार्षद संजय बड़वासनिया का। वह मंगलवार को जिला परिषद की बैठक में बोल रहे थे। पार्षद ने कहा कि गांवों में काम कराया जाए। वृद्धावस्था पेंशन के लिए कैंप लगाए जाएं। ग्रामीण विकास संबंधी मुद्दों पर तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए। इन्हें आपसे तालमेल की कमी के चलते लटकाया न जाए। इससे विकास कार्य रुकने के बजाय रफ्तार से आगे बढ़ पाएंगे। पार्षद संत कुमार ने कहा कि सड़कों के हालात खस्ता हैं। कहीं मिट्टी सड़क किनारे डाली गई है तो कहीं किनारों के कटाव रोकने पर ध्यान नहीं दिया गया है। यमुना बेल्ट के साथ लगते गांवों में श्मशान के रास्ते खराब हैं। यहां जाना परेशानी भरा साबित होता है।