सोनीपत नगर निगम क्षेत्र के संविदा सफाई कर्मियों के समर्थन में पक्के व पे रोल सफाई कर्मी भी सोमवार को हड़ताल में शामिल हो गए। जिसके चलते बाजारों और अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए। सफाई नहीं होने के कारण बाजारों में दुकानदारों व खरीदारी करने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सफाई के लिए निगम स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था न किए जाने के कारण शहर में हालात बिगड़ गए। कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का दो दिन में समाधान नहीं किया तो नगर निगम कार्यालय पर ताला जड़ देंगे।