जिले के गांव भटगांव में पुलिस ने एक बुजुर्ग को पकड़ा है। वह इंस्पेक्टर की वर्दी में था। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि झज्जर जिले का निवासी रणधीर यहां अपनी रिश्तेदारी में आया था। किराया न लगे, इसलिए पुलिस की वर्दी पहने हुए था। 60 साल का रणधीर झज्जर जिले के साल्हावास में पड़ते गांव सेज पहाड़ी का रहने वाला है। यह सोनीपत जिले के भटगांव में आया हुआ था। पुलिस की वर्दी में देखकर किसी को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दे दी। सीआईए सेक्टर-3 पुलिस और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में पुलिस अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी खुद को पूर्व पुलिसकर्मी और 2002 में बर्खास्त हुआ बता रहा है। इसके बाद दो दिन पहले ही उसने इंस्पेक्टर की वर्दी खरीदी थी। जहां तक पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को इंस्पेक्टर दिखाने की वजह की बात है, आरोपी का कहना है कि किराया न लगे, इसलिए उसने ऐसा किया। हालांकि अभी इस बात की जांच जारी है कि उसने वर्दी कहां से और कितने रुपये में खरीदी थी। किराया बचाने के अलावा भी कोई और उद्देश्य तो उसने हल नहीं किया।