तत्कालीन सिविल सर्जन सहित 13 चिकित्सकों को एचसीएस नियम-8 के तहत चार्जशीट जारी करने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में वीरवार को जिलेभर के सरकारी चिकित्सकों ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की। सुबह 9 से 11 बजे तक मेडिकल ऑफिसर और डेंटल सर्जन विरोध पर रहे। इस दौरान सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। पंजीकरण काउंटरों पर भी लंबी कतारें लगी रहीं। हड़ताल के चलते नागरिक अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श लेने में परेशानी हुई। कई मरीज ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ को बिना उपचार के वापस लौटना पड़ा। इस दौरान चिकित्सकों ने आपातकालीन के बाहर धरना दिया और सरकार की कार्यप्रणाली के प्रति रोष जताया। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. प्रवीन ढोचक ने प्रस्तावित चार्जशीट की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि प्रदेशभर में चिकित्सक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं, इसके बावजूद बिना उचित कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है। 13 चिकित्सकों के खिलाफ चार्जशीट जारी करने की प्रस्तावित कार्रवाई न्यायसंगत नहीं है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान डॉ. नितिन फलस्वाल ने कहा कि जब तक चार्जशीट जारी करने की कार्रवाई वापस नहीं ली जाती, विरोध जारी रहेगा। प्रदेश स्तरीय कमेटी के साथ बातचीत के बाद आगामी रणनीति तय की जाएगी। चिकित्सकों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।