सोनीपत के ओल्ड रोहतक रोड पर मिशन चौक की ओर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को दो लेन करने की मांग का मुद्दा फिर गरमा गया है। शहर के व्यापारियों ने भाजपा के आरओबी को चौड़ा करने की मांग को लेकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व विधायक निखिल मदान से चर्चा की। साथ ही सरकार के नाम उन्हें ज्ञापन दिया। व्यापारियों ने सेक्टर-15 स्थित भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के निवास पर मोहनलाल बड़ौली व विधायक निखिल मदान से मुलाकात की। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व विधायक निखिल मदान ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी मांग को पूरा किया जाएगा। जिला व्यापार मंडल के चेयरमैन संजय वर्मा व प्रधान संजय सिंगला ने बताया कि सोनीपत शहर के व्यापारी वर्ग ने आरओबी को चौड़ा करने की मांग को लेकर हर माह सांकेतिक धरना देने का निर्णय लिया है। जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता, तब तक वह हर माह एक घंटे धरना देकर सरकार के प्रतिनिधि को अपनी समस्या से अवगत कराएंगे। शहरभर के व्यापारियों ने एकत्रित होकर 12 नवंबर को मिशन चौक पर एक दिन का सांकेतिक धरना दिया था। आज जिला व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व विधायक निखिल मदान से मुलाकात कर अपनी मांग को उनके समक्ष रखा। जिस पर व्यापारियों की मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। व्यापारियों ने बताया कि 12 नवंबर को प्रदर्शन के बाद विधायक निखिल मदान ने यह मुद्दा विधानसभा सभा में उठाया था। आरओबी के कारण शहर दो हिस्सों में बंट गया है। मिशन चौक की तरफ चार पहिया वाहन लेकर उतरा तो जा सकता है, लेकिन आरओबी पर चढ़ा नहीं जा सकता। उनकी मांग है कि आरओबी को चौड़ा करने के साथ छोटे वाहनों के लिए अंडरब्रिज का निर्माण करवाया जाए।आरओबी के साथ अधर में लटके सीढ़ियों के कार्य को पूरा करवाया जाए।