मुरथल रोड स्थित सतगुरु सरोज माता जी आश्रम में शनिवार को दो दिवसीय 40वें वार्षिकोत्सव गुरु मां सम्मेलन का आगाज किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा निकालकर की गई। 1008 सतगुरु सरोज माता के सानिध्य में क्षेत्र की काफी महिलाओं व श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा आश्रम परिसर से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई वापस आश्रम में पहुंची। यात्रा में महिलाओं ने ढोल की थाप पर खूब नृत्य किया। विकास महाराज व जानवी महाराज ने बताया कि कलश यात्रा के बाद सतगुरु सरोज माता जी आश्रम में रात को मां भगवती का जागरण का आयोजन किया जाएगा। ज्योत प्रचंड से जागरण की शुरुआत की जाएगी। 2 मार्च को आश्रम में सतगुरु सरोज माता प्रवचनों से गुरु ज्ञान देंगी। साथ ही सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। दोपहर को पूजा-अर्चना कर भंडारा लगाया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं के साथ आश्रम के साधकों ने भाग लिया।