रोहतक। श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर शहर के शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के वैश्य कॉलेज रोड स्थित शिवालय, शिवाजी कॉलोनी स्थित नर्मदेश्वर महालिंगम मंदिर, दुर्गा भवन मंदिर, गोकर्ण तीर्थ स्थित शिव मंदिर, बाबा बालकपुरी डेरा स्थित शिव मंदिर के अलावा किलाेई स्थित प्राचीन शिव मंदिर व बोहर स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित तमाम मंदिरों में सुबह 4 बजे से ही कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, दही और बेलपत्र से शिवलिंग का अभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भी शिव-पार्वती की पूजा अर्चना की।